उत्तराखंड के पूर्व सीएम की बेटी और फिल्म निर्माता आरुषि निशंक ने मुंबई के दो फिल्म निर्माताओं मानसी वरुण बागला और वरुण प्रमोद कुमार बागला के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
उत्तराखंड के पूर्व सीएम रमेश पोखरियाल निशंक की बेटी और अभिनेत्री व फिल्म निर्माता आरुषि निशंक ने मुंबई के दो फिल्म निर्माताओं पर 4 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। इसके साथ ही आरुषि ने दोनों पर मानसिक उत्पीड़न और धमकी देने का भी आरोप लगाया है। दोनों फिल्म निर्माताओं के खिलाफ देहरादून के कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है।

आरुषि ने फिल्म प्रोड्यूसर मानसी वरुण बागला और वरुण प्रमोद कुमार बागला पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। आरोप है कि दोनों ने उसके साथ धोखाधड़ी की है और उससे मोटी रकम ठगी है। आरुषि के मुताबिक दोनों प्रोड्यूसर उसके घर आए और खुद को एक फिल्म प्रोडक्शन कंपनी का डायरेक्टर बताया और उससे कहा कि वे एक फिल्म बना रहे हैं। इस फिल्म में शनाया कपूर और विक्रांत मैसी मुख्य भूमिका में हैं और उन्हें फिल्म में मुख्य भूमिका के लिए एक अभिनेत्री की जरूरत है।
दोनों फिल्म निर्माताओं ने कहा कि अगर वह 5 करोड़ रुपये निवेश करती है तो उसे यह रोल मिल जाएगा और फिल्म के मुनाफे में बीस प्रतिशत हिस्सा भी दिया जाएगा। साथ ही कहा कि अगर उसे रोल पसंद नहीं आया तो पूरी रकम 15 प्रतिशत ब्याज के साथ वापस कर दी जाएगी। जिसके बाद आरुषि उनके झांसे में आ गई और एमओयू साइन कर दिया और अगले ही दिन 10 अक्टूबर 2024 को दोनों ने दो करोड़ रुपये ले लिए। इसके बाद दोनों ने अलग-अलग तरीकों से आरुषि से दो करोड़ रुपये ठग लिए।
आरुषि ने आरोप लगाया है कि दोनों निर्माताओं ने न तो स्क्रिप्ट फाइनल की और न ही फिल्म का प्रमोशन किया और बाद में उन्हें फिल्म से निकाल दिया. उन्हें बताया गया कि उनकी जगह किसी और अभिनेत्री को फिल्म में कास्ट कर लिया गया है. पैसे मांगने पर उन्होंने कहा कि फिल्म की शूटिंग भारत में पूरी हो चुकी है और अब शूटिंग यूरोप में होगी. आरुषि ने आरोप लगाया है कि पैसे मांगने पर उन्हें बदनाम करने और झूठे केस में फंसाने की धमकी दी जा रही है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
Author: News Patna Ki
सबसे तेज सबसे पहले खबरों के लिए जुड़े रहिए NEWS PATNA KI के साथ




