Supaul News : बिहार के लोगों के लिए यह बहुत काम की खबर है। साथ ही, उन्हें इस खबर को पढ़ने के बाद सावधान रहने की भी जरूरत है। इसकी वजह यह है कि बिहार सरकार के 300 मकानों पर अवैध रूप से कब्जा करने वाले लोगों को 5 दिनों के अंदर इन जगहों को खाली करने का नोटिस जारी किया गया है। इसके बाद इन जगहों पर रहने वाले लोगों के साथ-साथ सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा करके रह रहे लोगों में भी दहशत का माहौल बन गया है।

बता दें, बिहार के सुपौल जिले के भीमनगर थाना क्षेत्र के आई टाइप कॉलोनी में अवैध रूप से रह रहे लोगों को प्रशासन ने नोटिस जारी कर जल्द से जल्द मकान खाली करने को कहा है। सिंचाई यांत्रिक प्रमंडल वीरपुर के सहायक अभियंता ने 21 जनवरी को यह नोटिस जारी किया। नोटिस जारी होने के बाद सरकारी क्वार्टरों में अवैध रूप से रह रहे लोगों में हड़कंप मच गया है।
सिंचाई विभाग की ओर से जारी इस नोटिस में साफ कहा गया है कि विभागीय आवासीय परिसर को अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा। इस समय भीमनगर और वीरपुर में कोसी कॉलोनी स्थित सरकारी आवासीय परिसर पर करीब 300 लोगों ने अवैध कब्जा कर रखा है। इसलिए सभी लोगों को नोटिस जारी कर पांच दिन के अंदर आवास और परिसर खाली करने का निर्देश दिया गया है।
साथ ही कहा गया है कि अगर तय समय के अंदर अतिक्रमणकारियों ने मकान खाली नहीं किया तो उनके खिलाफ अतिक्रमण का मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की ओर से जारी इस नोटिस के बाद इलाके में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है। जबकि कहा जा रहा है कि सरकारी क्वार्टर में रहने वाले अतिक्रमणकारी क्वार्टर में मिलने वाले एसी, फ्रिज, कूलर, रूम हीटर का इस्तेमाल करते हैं। साथ ही कोसी योजना की मुफ्त बिजली का भी दुरुपयोग करते हैं। इसका पूरा बिल विभाग चुकाता है।








