एक बार फिर यूपी की चंदौली पुलिस ने कैमूर जिले में बिहार से आने वाले भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी है। सोमवार शाम पांच बजे से इस रोक के बाद यूपी-बिहार सीमा पर लंबा जाम लग गया। नेशनल हाईवे-19 पर वाहनों की रफ्तार थम गई है, जिससे भीषण जाम की स्थिति पैदा हो गई है।

गौरतलब है कि NH-19 दिल्ली से कोलकाता जाने वाला मुख्य मार्ग है। इस मार्ग पर पिछले एक सप्ताह से जाम की समस्या लगातार बनी हुई थी। लोगों को राहत भी नहीं मिली थी कि अचानक भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगने से स्थिति और खराब हो गई। खासकर पश्चिम बंगाल और झारखंड से प्रयागराज जाने वाले श्रद्धालुओं को भीषण जाम का सामना करना पड़ रहा है। एंबुलेंस और पर्यटक वाहन भी जाम में फंसे हुए हैं।
महाकुंभ में स्नान के लिए प्रयागराज जा रहे श्रद्धालु इस जाम में बुरी तरह फंस गए हैं। दिन हो या रात, गाड़ियां कछुए की चाल से आगे बढ़ पा रही हैं। कई एंबुलेंस सेवाएं बाधित हो गई हैं, जिससे मरीजों की हालत गंभीर हो सकती है।
मोहनिया के DSP प्रदीप कुमार ने बताया कि यूपी के चंदौली जिले के ASP विनय कुमार ने फोन पर जानकारी दी है कि सोमवार शाम पांच बजे से बिहार से आने वाले भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। डीएसपी ने लोगों से अपील की है कि फिलहाल उत्तर प्रदेश की ओर जाने से बचें, ताकि उन्हें कोई परेशानी न हो।
यह पहली बार नहीं है जब भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई गई हो। महाकुंभ के शाही स्नान के दिन भी इसी तरह की रोक लगाई गई थी। तब कैमूर जिले के मोहनिया, दुर्गावती और कुदरा में भारी वाहनों की लंबी कतार लग गई थी।
संकरी सड़कें और श्रद्धालुओं के दबाव के कारण एनएच-19 पर एक सप्ताह तक भीषण जाम लगा रहा था। इस बार भी जाम की भयावहता हजारों वाहन चालकों को परेशान कर रही है। प्रशासन ने स्थिति को सामान्य करने के लिए आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया है।
Author: News Patna Ki
सबसे तेज सबसे पहले खबरों के लिए जुड़े रहिए NEWS PATNA KI के साथ








