Bihar Crime News: बिहार के भोजपुर में बदमाशों ने एक सीएसपी संचालक से दिनदहाड़े चार लाख रुपए लूट लिए और विरोध करने पर युवक को गोली मारकर बुरी तरह से घायल कर दिया।
Bihar Crime News: बिहार में अपराधियों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं। राज्य के अलग-अलग जिलों से आए दिन हत्या, लूट और गोलीबारी की घटनाएं सामने आ रही हैं। ताजा घटना भोजपुर के आरा से सामने आई है, जहां अपराधियों ने बहोरनपुर थाना क्षेत्र में एक सीएसपी संचालक को गोली मारकर चार लाख रुपये लूट लिए और मौके से फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार, धर्मेंद्र राय नामक CSP संचालक सोमवार की दोपहर गौरा बैंक से चार लाख रुपये निकालकर अपने सीएसपी लौट रहे थे, तभी रास्ते में बांध के समीप मोटरसाइकिल सवार दो बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी और चार लाख रुपये लूटकर फरार हो गए।
गोली लगने से धर्मेंद्र राय गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए पहले आरा के शांति मेमोरियल अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उनकी गंभीर हालत को देखते हुए पटना PMCH रेफर कर दिया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई है और मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और बदमाशों की तलाश में छापेमारी कर रही है।
बता दें कि आरा में लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं से लोगों में दहशत का माहौल है। हाल ही में बहोरनपुर थाना क्षेत्र में ही 26 जनवरी को हथियारबंद बदमाशों ने एक सहायक शिक्षक को गोली मारकर घायल कर दिया था। पुलिस अभी तक उस मामले के आरोपियों को पकड़ नहीं पाई है। इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश है। लोगों का कहना है कि पुलिस अपराधियों पर लगाम लगाने में नाकाम साबित हो रही है।
Author: News Patna Ki
सबसे तेज सबसे पहले खबरों के लिए जुड़े रहिए NEWS PATNA KI के साथ




