Gaya News : बिहार पुलिस और स्पेशल टास्क फोर्स (STF) की संयुक्त कार्रवाई में बड़ी सफलता मिली है। पिछले 11 साल से फरार चल रहे कुख्यात नक्सली नेता परीक्षा जी उर्फ परीक्षा भुइया उर्फ परीक्षा मंडल को गिरफ्तार कर लिया गया है

Gaya News : गिरफ्तारी गया जिले के छकरबंधा थाना क्षेत्र के बरहा गांव के पास हुई, जहां वह छिपकर रह रहा था। पुलिस को विश्वसनीय सूत्रों से सूचना मिली थी कि लंबे समय से फरार नक्सली नेता परीक्षा जी बरहा गांव के आसपास देखा गया है। इस सूचना के आधार पर पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया। इस रणनीतिक कार्रवाई के दौरान आखिरकार टीम को सफलता मिली और नक्सली को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस को उसकी काफी समय से तलाश थी
परीक्षा जी लंबे समय से नक्सली गतिविधियों में सक्रिय है और उसके खिलाफ कई गंभीर मामले दर्ज हैं। वह माओवादी संगठन का अहम सदस्य रहा है। सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने और ग्रामीण इलाकों में भय का माहौल पैदा करने जैसे कई मामलों में उसकी तलाश थी। सूत्रों के अनुसार वह छकरबंधा व आसपास के जंगलों में सक्रिय होकर संगठन को फिर से मजबूती करने की कोशिश कर रहा था।
माओवादी संगठन को लगा बड़ा झटका
गया जिले के छकरबंधा थाना क्षेत्र में पहले भी नक्सली गतिविधियां देखी जाती रही हैं, लेकिन पिछले कुछ वर्षों में पुलिस और सुरक्षा बलों की लगातार कार्रवाई से उनकी गतिविधियों पर काफी हद तक अंकुश लगा है। परीक्षा जी की गिरफ्तारी को सुरक्षा एजेंसियों की बड़ी कामयाबी माना जा रहा है, क्योंकि इससे माओवादी संगठन को बड़ा झटका लगा है। इस संबंध में गया पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार नक्सली से पूछताछ जारी है और उम्मीद है कि उससे नक्सली नेटवर्क से जुड़ी कई अहम जानकारियां मिल सकती हैं।
आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं। इस कार्रवाई के बाद इलाके के लोगों ने राहत की सांस ली है और स्थानीय प्रशासन ने लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया है। इस गिरफ्तारी के आधार पर पुलिस अब नक्सली नेटवर्क के बाकी हिस्सों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
यह भी पढ़ें:
Author: News Patna Ki
सबसे तेज सबसे पहले खबरों के लिए जुड़े रहिए NEWS PATNA KI के साथ




