बिहार-झारखंड के पटना स्थित हेड ऑफिस के नाम पर आयकर विभाग में फर्जी नियुक्तियों का खुलासा हुआ है। इसके बाद आयकर विभाग ने इस मामले को लेकर कोतवाली थाने में FIR भी दर्ज कराई है।
Patna Fraud Case : बिहार में इन दिनों नौकरी पाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। ऐसे में बेरोजगार या नौकरी की तलाश कर रहे युवा हर संभव प्रयास कर रहे हैं। इसी सिलसिले में अब एक बड़ा खुलासा हुआ है।

आपको बता दें कि बिहार-झारखंड के पटना स्थित आयकर विभाग के हेड ऑफिस के नाम पर फर्जी भर्ती का खुलासा हुआ है। इसके बाद आयकर विभाग ने इस मामले को लेकर कोतवाली थाने में एफआईआर भी दर्ज कराई है और कहा है कि पूरे मामले की गहनता से जांच की जाएगी।
आयकर विभाग के प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त जयंत मिश्रा ने प्रेस रिलीज जारी कर पूरी स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने कहा है कि भर्ती जैसी कोई बात नहीं है, यह पूरी तरह से फर्जी मामला है।
इसमें कहा गया है कि आयकर विभाग के इस कार्यालय के स्तर से नवंबर 2023 में स्पोर्ट कोट के तहत टैक्स असिस्टेंट और मल्टी टास्किंग स्टाफ की भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया गया था।बहाली की पूरी प्रक्रिया नई दिल्ली स्थित कर्मचारी चयन आयोग SSC के माध्यम से पूरी की गई है।
इसके बाद भी जालसाजों ने सिर्फ तारीख बदलकर उसी विज्ञापन को फिर से जारी कर दिया और इसके नाम पर कुछ लोगों को ठगने की योजना बनाई, हालांकि अभी तक विभाग को किसी के ठगे जाने की कोई सूचना नहीं मिली है। इस मामले में अभी तक किसी के गिरफ्तार होने की भी कोई सूचना नहीं है। अब आयकर विभाग भी अपने सदस्यों पर मामले की जांच कर रहा है ताकि असली आरोपियों का खुलासा हो सके।
इधर, आयकर विभाग के बिहार झारखंड प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त कार्यालय में कुछ पदों पर भर्ती के लिए फर्जी विज्ञापन जारी किया गया। इसे कार्यालय में गुपचुप तरीके से बांटा गया। इसके बाद इसमें आवेदन करने वाले कुछ लोगों का एक व्हाट्सएप ग्रुप भी बनाया गया और कथित संबंधित अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए उसी कार्यालय में बुलाया जाने लगा।
इसी क्रम में विभाग के अधिकारी ने पहली बार बुलाए गए कुछ लोगों से मुलाकात की और पूरे मामले का खुलासा हो गया। अब मोबाइल नंबरों के आधार पर इस व्हाट्सएप ग्रुप को बनाने वाले और इससे जुड़े लोगों की पहचान की जा रही है।
Author: News Patna Ki
सबसे तेज सबसे पहले खबरों के लिए जुड़े रहिए NEWS PATNA KI के साथ






