Heat Alert : बिहार में अप्रैल के पहले सप्ताह से ही गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है।

Heat Alert : पूरे राज्य में तापमान में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है, जिससे लोग काफी परेशान हैं। कुछ इलाकों में हल्के बादल छाए रहने के बावजूद गर्म हवाएं और तेज धूप की वजह से गर्मी का असर और भी ज्यादा महसूस किया जा रहा है।
तेज धूप और शुष्क मौसम का असर
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल राज्य में मौसम शुष्क बना रहेगा। आसमान पूरी तरह साफ रहेगा और तेज धूप की वजह से तापमान में और बढ़ोतरी होने की संभावना है। फिलहाल अधिकतम तापमान 34 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच है और आने वाले दिनों में यह 40 डिग्री के करीब पहुंच सकता है। मध्यम से तेज गति से गर्म हवाएं यानी पछुआ हवाएं चलने की संभावना है, जिससे लू जैसे हालात बन सकते हैं।
बारिश की संभावना और चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र असर
मौसम विभाग ने 7 और 8 अप्रैल को बिहार के कुछ जिलों में बारिश की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार, पूर्वोत्तर असम और उसके आसपास के इलाकों में समुद्र तल से करीब 1.5 किलोमीटर की ऊंचाई पर ऊपरी हवा का चक्रवाती घेरा बना हुआ है। इसी तरह का चक्रीय घेरा हिमालयी पश्चिम बंगाल और उसके आसपास के इलाकों में भी देखा गया है। इसका असर बिहार के मौसम पर भी पड़ सकता है और कुछ जिलों में हल्की बारिश हो सकती है।
खगड़िया जिला रहा सबसे गर्म
3 अप्रैल को बिहार के खगड़िया जिले में सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया, जहां पारा 38.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इसके अलावा शेखपुरा में 38.4 डिग्री, गोपालगंज में 38.1 डिग्री, वाल्मीकिनगर, मोतिहारी और बांका में 37.5 डिग्री, गया में 37.2 डिग्री और दरभंगा में 37 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। इन जिलों में सामान्य से अधिक गर्मी महसूस की जा रही है।
इन जिलों में बढ़ेगी गर्मी
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में बांका, जमुई, नालंदा, गया, नवादा, जहानाबाद, शेखपुरा और मुंगेर जैसे जिलों में सामान्य से अधिक तापमान दर्ज किया जा सकता है। इन इलाकों में भीषण गर्मी के साथ-साथ गर्म हवाएं भी चलने की संभावना है, जिसके चलते लोगों को एहतियात बरतने की सलाह दी गई है।
गर्मी से राहत की उम्मीद नहीं
फिलहाल गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम ही है। हालांकि 7 और 8 अप्रैल को संभावित बारिश से थोड़ी राहत मिल सकती है, लेकिन उसके बाद मौसम फिर से शुष्क होने की संभावना है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, अगले कुछ सप्ताह बिहार के लिए चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं और गर्मी का असर और तेज होगा। ऐसे में लोगों को लू से बचाव के उपाय करने और दिन में घर से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी जा रही है।
यह भी पढ़ें:
- Politics News रबी के आवास के बाहर नीतीश कुमार के खिलाफ लगा पोस्टर, पढ़ें- वोट के लिए तार वाली टोपी, वक्फ पर मुसलमानों को धोखा दिया
- क्या ChatGPT Ghibli आर्ट जनरेटर पर व्यक्तिगत फ़ोटो अपलोड करना सुरक्षित है? विशेषज्ञों के जवाब आपको चौंका देंगे!
- Patna News फतुहा में एक पिकअप से 730 लीटर विदेशी शराब बरामद, चालक फरार, छापेमारी जारी

Author: News Patna Ki
सबसे तेज सबसे पहले खबरों के लिए जुड़े रहिए NEWS PATNA KI के साथ