पटना के खुसरूपुर में एक पिकअप वैन ने 8 साल की बच्ची को टक्कर मार दी। बच्ची वैन के नीचे फंस गई। वैन रोकने की बजाय ड्राइवर बच्ची को 10 किलोमीटर तक घसीटता हुआ ले गया।
बिहार की राजधानी पटना से सटे खुसरूपुर इलाके में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। दरअसल, खुसरूपुर में रविवार रात सड़क हादसे में एक नाबालिग लड़की की मौत हो गई।

जानकारी के मुताबिक, खुसरूपुर थाना के हरदास बिगहा इलाके में एक पिकअप वैन ने एक लड़की को कुचल दिया और उसे 10 किलोमीटर तक घसीटता हुआ ले गया। इस हादसे में लड़की की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
बताया जाता है कि नौबतपुर थाना क्षेत्र के निवासी विनय पंडित की छह वर्षीय पुत्री सुहानी कुमारी खुसरूपुर थाना क्षेत्र के हरदासबीघा गांव के नयाटोला में अपने नानी के घर शादी समारोह में शामिल होने आई थी। रविवार की रात सड़क पार करने के दौरान बच्ची फतुहा की ओर से तेज गति से आ रही पिकअप वैन में फंस गई और चालक तेजी से वाहन चलाता रहा। इस दौरान जिसने भी घटना की ऐसी दर्दनाक तस्वीर देखी, वह सिहर उठा।
घटना के बाद स्थानीय लोग पिकअप वैन के पीछे दौड़े। लेकिन, पिकअप वैन नहीं रुकी और बच्ची को 10 किलोमीटर तक घसीटती हुई ले गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने सलीमपुर थाना क्षेत्र के घंसोपुर में सड़क पर बैरिकेडिंग कर पिकअप वैन को रोक लिया और चालक को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने पिकअप वैन को जब्त कर लिया। इस घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
Author: News Patna Ki
सबसे तेज सबसे पहले खबरों के लिए जुड़े रहिए NEWS PATNA KI के साथ






