प्रगति यात्रा के दौरान 76 करोड़ 40 लाख रुपये की लागत से निर्मित कुल 58 योजनाओं का उद्घाटन करेंगे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार
Pragati Yatra : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपनी प्रगति यात्रा के तहत शुक्रवार को जमुई आएंगे। सीएम यहां करीब 890 करोड़ रुपये की लागत से 16 योजनाओं का शिलान्यास और 58 योजनाओं का उद्घाटन करेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जमुई में हर्ष और उत्साह का माहौल दिख रहा है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शुक्रवार को करीब 11:00 बजे हेलीकॉप्टर से गढ़ी थाना अंतर्गत धावाटांड़ मैदान में उतरेंगे और करीब 45 मिनट तक गढ़ी डैम के पास विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे।

सीएम यहां से पुन: निर्धारित समय पर हेलीकॉप्टर से प्रस्थान करेंगे और करीब 12:00 बजे जमुई सदर प्रखंड अंतर्गत सोनपे मैदान में उतरेंगे. यहां सबसे पहले पुलिस के जवान उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देंगे. सीएम राजकीय महिला डिग्री कॉलेज, महिला थाना, संयुक्त श्रमिक भवन, खेल मैदान, जल जीवन हरियाली अभियान के तहत निर्मित तालाब, मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र आदि कल्याणकारी योजनाओं का उद्घाटन करेंगे. इसके साथ ही वे कई कल्याणकारी योजनाओं का निरीक्षण भी करेंगे. सीएम महिला थाना परिसर में बनाए गए स्टॉल का भी निरीक्षण करेंगे.
सोनापे गांव में कार्यक्रम संपन्न करने के बाद नीतीश कुमार सड़क मार्ग से जमुई स्थित राजकीय अतिथि गृह आएंगे और यहां अल्प विश्राम करेंगे। दोपहर में राजकीय अतिथि गृह से सड़क मार्ग से सीएम समाहरणालय स्थित प्रेस रूम आएंगे और यहां विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारियों के साथ चल रही योजनाओं की समीक्षा करेंगे। समीक्षा बैठक समाप्त होने के बाद सीएम दोपहर में निर्धारित समय पर सड़क मार्ग से ही पुनः सोनापे गांव स्थित हेलीपैड पहुंचेंगे और यहां से हेलीकॉप्टर के जरिए पटना के लिए उड़ान भरेंगे।
इधर, जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्धारित कार्यक्रम को लेकर सभी वांछित तैयारियां पूरी की जा रही हैं। सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं। प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों व कर्मियों को निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी से करें, ताकि किसी भी स्तर पर चूक की भावना न रहे।
DM ने नागरिकों से भी समुचित सहयोग की अपील की। एसपी मदन कुमार आनंद ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्धारित कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए बड़े पैमाने पर जवानों की तैनाती की जा रही है। ऊंची इमारतों की छतों पर भी सुरक्षा बलों की तैनाती की जाएगी।
Author: News Patna Ki
सबसे तेज सबसे पहले खबरों के लिए जुड़े रहिए NEWS PATNA KI के साथ




