Womens Day : बिहार की बेटियां खेल के क्षेत्र में कई तरह की सफलताएं हासिल कर रही हैं। महिला दिवस पर जानिए ऐसी बेटियों की कहानी जिन्होंने खेल के क्षेत्र में सफलता हासिल की है।

Womens Day : सपने देखने वाली बेटियों को अगर उचित अवसर मिले तो वे ऊंची उड़ान भर सकती हैं। राज्य की कई खिलाड़ियों ने इसमें अपनी पहचान बनाई है। राज्य सरकार के प्रयासों से महिला खिलाड़ियों को कई स्तरों पर सुविधाएं मिल रही हैं। इससे महिला खिलाड़ी अपनी लगन, मेहनत और प्रतिभा से नए आयाम गढ़ रही हैं। हमारी बेटियां राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रही हैं। वे साबित कर रही हैं कि सफलता सिर्फ दृढ़ संकल्प और समर्पण पर निर्भर करती है।
लॉन बॉल, तीरंदाजी, भारोत्तोलन, साइकिलिंग, हॉकी, ताइक्वांडो, हर खेल में बिहार की महिला खिलाड़ी चमक रही हैं। उनका प्रदर्शन न केवल राज्य के लोगों को गौरवान्वित कर रहा है, बल्कि अगली पीढ़ी की महिला खिलाड़ियों के लिए भी मील का पत्थर साबित हो रहा है।
बिहार की बेटियों ने 38वें राष्ट्रीय खेलों में शानदार प्रदर्शन किया है। हाल ही में उत्तराखंड में आयोजित 38वें राष्ट्रीय खेलों में बिहार ने ऐतिहासिक प्रदर्शन किया है। बिहार ने अब तक अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 12 पदक जीते हैं, जिसमें 1 स्वर्ण, 6 रजत और 5 कांस्य पदक शामिल हैं। इसमें लॉन बॉल में महिला टीम ने स्वर्ण पदक जीता है।
अंशिका विश्व कप में लगाएंगी निशाना
वहीं, बिहार की अंशिका कुमारी ने तीरंदाजी में रजत पदक जीता है। अंशिका का यह पदक इसलिए भी खास है क्योंकि उन्होंने इसे महिला रिकर्व व्यक्तिगत स्पर्धा के फाइनल में भारतीय तीरंदाजी की दिग्गज दीपिका कुमारी से कड़े मुकाबले में जीता है। बिहार की अंशिका कुमारी को आगामी तीरंदाजी विश्व कप, 2025 के लिए भारतीय सीनियर तीरंदाजी टीम में शामिल किया गया है।
महिला रग्बी टीम को रजत
महिला रग्बी टीम ने ओडिशा के खिलाफ कड़े मुकाबले में रजत पदक जीता। योगासन में भी बिहार ने रजत पदक जीता। बिहार की बेटियों की जीत का यह अद्भुत सफर सिर्फ राष्ट्रीय खेल तक सीमित नहीं है।
बिहार की बेटियां वेटलिफ्टिंग में भी माहिर
ओडिशा के ब्रह्मपुर में आयोजित अश्मिता खेलो इंडिया महिला राष्ट्रीय भारोत्तोलन चैंपियनशिप में बिहार की खुशबू कुमारी ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने जूनियर और सीनियर महिला वर्ग में स्नैच 75 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क 71 किलोग्राम भार वर्ग में दो स्वर्ण पदक जीते। शालिनी ने भी अश्मिता खेलो इंडिया चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए जूनियर वर्ग में रजत पदक जीता।
यह भी पढ़ें:- Railway Platform : रेलवे ने बदला 1 और नियम, अब ट्रेन पकड़ने जा रहे हैं तो ट्रेन के प्लेटफॉर्म पर आने से जुड़ा ये बदलाव जान लें
नेशनल स्कूल गेम्स साइकिलिंग में दमदार प्रदर्शन
68वीं नेशनल स्कूल गेम्स साइकिलिंग (रोड) चैंपियनशिप में बिहार की बेटियां शानदार प्रदर्शन कर रही हैं। यहां सुहानी ने रजत पदक जीता, जबकि अमृता, शालिनी और सुप्रिया ने कांस्य पदक जीता।
पीटी उषा ने कहा- ‘शानदार बिहार’
भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष और दिग्गज एथलीट पीटी उषा ने बिहार की महिला खिलाड़ियों की तारीफ की। उन्होंने कहा- ‘बिहार की महिला खिलाड़ी अब राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी दमदार उपस्थिति दर्ज करा रही हैं।’
सीएम नीतीश की दूरदर्शिता और खेल विभाग का शानदार प्रयास
बिहार की महिला खिलाड़ियों के बेहतरीन प्रदर्शन का श्रेय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की दूरदर्शिता को जाता है। सरकार की नीतियों का ही नतीजा है कि खेल विभाग खिलाड़ियों के प्रदर्शन को लेकर गंभीर है। विभाग विश्वस्तरीय प्रशिक्षण और अवसर की व्यवस्था कर रहा है। इससे खिलाड़ियों की प्रतिभा सामने आ रही है। बिहार की महिला खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पटल पर परचम लहरा रही हैं। तभी तो हमारी बेटियां कह रही हैं- “उसे डर है कि मेरी उड़ान थोड़ी कम है, मुझे यकीन है कि ये आसमान थोड़ा कम है”।
यह भी पढ़ें:- Holi Special Trains : होली पर बिहार और यूपी जाने वाली ट्रेनों में भारी भीड़, रेलवे ने किए खास इंतजाम
खेल विभाग के डीजी सह मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी बीएसएसए रविंद्रन शंकरन ने कहा कि महिला दिवस के अवसर पर मैं हमारी महिला खिलाड़ियों के दृढ़ संकल्प को सलाम करता हूं। वे हर बाधा को तोड़कर खेल की दुनिया में सफलता हासिल कर रही हैं। हम ‘सिंपली पीरियड्स’ जैसी मददगार पहल के जरिए अनुकूल माहौल बना रहे हैं, ताकि ‘मासिक धर्म’ जैसी स्वास्थ्य संबंधी चीजें सामाजिक बाधा न बनें। हमारी प्रतिबद्धता खेल के मैदान और खेल से बाहर भी नई पीढ़ी को प्रेरित करेगी। बिहार खेल प्राधिकरण आपकी शानदार यात्रा में आपके साथ है। आप इसी तरह शानदार प्रदर्शन करते रहें और आगे बढ़ते रहें।

Author: News Patna Ki
सबसे तेज सबसे पहले खबरों के लिए जुड़े रहिए NEWS PATNA KI के साथ