CM Nitish Kumar Pragati Yatra : प्रगति यात्रा पर निकले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पटना में अपनी यात्रा का समापन किया। इस दौरान नीतीश कुमार ने पटना शहर के साथ-साथ आसपास के इलाकों के आमूलचूल परिवर्तन की घोषणा की।
CM Nitish Kumar Pragati Yatra : प्रगति यात्रा पर निकले नीतीश कुमार ने आज पटना में अपनी यात्रा का समापन किया। अपनी यात्रा के आखिरी दिन नीतीश कुमार ने पटना के लिए 30 बड़ी घोषणाएं कीं। इससे पटना शहर की सूरत बदल जाएगी। नीतीश कुमार ने पटना शहर की कई प्रमुख सड़कों के जीर्णोद्धार के साथ ही नया एयरपोर्ट बनाने का भी ऐलान किया है। वहीं, कई जगहों पर नए पार्क और पार्किंग स्थल बनाने का भी ऐलान किया है।
प्रगति यात्रा के आखिरी दिन नीतीश कुमार ने 1404 करोड़ की योजनाओं की सौगात भी दी। उन्होंने 845 करोड़ की विकास योजनाओं का उद्घाटन किया। उन्होंने करीब 560 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास भी किया। नीतीश कुमार ने आज 623 योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।
पटना शहर की सूरत बदलेगी
लेकिन नीतीश कुमार की प्रगति यात्रा की सबसे खास बात रही पटना शहर की सूरत बदलने की घोषणा। मुख्यमंत्री ने करीब 20 प्रमुख सड़कों के कायाकल्प की घोषणा की है। इन पर काम भी तेजी से शुरू होगा। अगली कैबिनेट बैठक में इन योजनाओं को मंजूरी मिलने की संभावना है।
देखें किन सड़कों की होगी सूरत
मुख्यमंत्री ने पटना शहरी क्षेत्र की कई सड़कों की सूरत बदलने का ऐलान किया है। देखें किन सड़कों की सूरत बदलने का ऐलान किया गया है।
- जेपी गंगा पथ (मरीन ड्राइव) को पश्चिम की ओर कोइलवर में वीर कुंवर सिंह पुल और पूर्व की ओर मोकामा में राजेंद्र पुल तक बढ़ाया जाएगा। यानी कोइलवर से गंगा पथ पकड़ें और सीधे मोकामा पहुंचें। बीच में पड़ने वाले पटना शहर, सिटी, फतुहा, बख्तियारपुर जैसे शहरों की भीड़ नहीं झेलनी पड़ेगी। हालांकि, इस पथ के जरिए इन जगहों को जोड़ा जाएगा। इसके लिए पुराने नेशनल हाईवे 31 को चौड़ा और विस्तारित किया जाएगा।
- बेली रोड (नेहरू पथ) में रूपसपुर नहर से सगुना मोड़ तक भूमिगत नाले के निर्माण के साथ ही सड़क का निर्माण और चौड़ीकरण किया जाएगा।
- रूपसपुर नहर रोड को खगौल से बेली रोड होते हुए अशोक राजपथ तक चौड़ा और निर्मित किया जाएगा।
- बेली रोड (नेहरू पथ) से गोला रोड तक चौड़ीकरण कर फोर लेन की सड़क बनाई जाएगी।
- पटेल गोलंबर से अटल पथ तक सर्पेन्टाइन नाले पर भूमिगत नाले के साथ फोर लेन की सड़क बनाई जाएगी।
- राजीव नगर नाले को पक्का कर उस पर सड़क बनाई जाएगी।
- आनंदपुरी नाले को पक्का कर उस पर सड़क बनाई जाएगी।
- पटना शहर में कंगन घाट होते हुए गायघाट से दीदारगंज तक जाने वाले पुराने गंगा पथ को चौड़ा किया जाएगा।
- गायघाट में जेपी गंगा पथ (मरीन ड्राइव) से डाउन रैंप बनाया जाएगा।
- बेली रोड को दीघा-एम्स एलिवेटेड रोड (पटाली पथ) से दोनों तरफ से जोड़ा जाएगा। यह काम रूपसपुर नहर के पास किया जाएगा।
- मंदिरी नाला पर निर्माणाधीन 4 लेन सड़क को जेपी गंगा पथ से जोड़ा जाएगा।
- दानापुर कैंट-मनेर-बिहटा सड़क को 4 लेन का बनाया जाएगा।
- एम्स गोलंबर-जानीपुर-पैनापुर-नेवा सड़क को चौड़ा किया जाएगा। साथ ही नौबतपुर लख के पास एक नया पुल बनाया जाएगा
- परसा से संपतचक तक सड़क का चौड़ीकरण किया जाएगा
- दीदारगंज से गौरीचक होते हुए पुनपुन तक तटबंध पथ को चौड़ा करने के लिए भारत सरकार से अनुरोध किया जाएगा
- पुनपुन प्रखंड के रसूलपुर गांव में मोरहर नदी पर पुल बनाया जाएगा
- अकौना गांव होते हुए पुनपुन स्टेशन को पटना रिंग रोड (बिहटा सरमेरा पथ) से जोड़ने वाला मिसिंग लिंक पथ बनाया जाएगा
- सादिकपुर-पभेड़ा-मसौढ़ी पथ के सोहागी मोड़ को पटना-गया रोड के कंडप से 2 लेन सड़क से जोड़ा जाएगा
- बख्तियारपुर में हिदायतपुर और मंझौली के बीच धोबरा नदी पर पुल बनाया जाएगा
- पालीगंज में समदा गांव और गुलरिया बिगहा के बीच पुनपुन नदी पर पुल बनाया जाएगा
कई जगहों पर पार्क, आधुनिक पार्किंग
नीतीश कुमार ने कई अन्य महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं। इससे पटना शहर की सूरत भी बदलेगी। देखिए क्या हैं वो घोषणाएं
- जेपी गंगा पथ (मरीन ड्राइव) के दक्षिण दीघा से पटना कलेक्ट्रेट के पास सभ्यता द्वार तक पार्कों और नागरिक सुविधाओं का एकीकृत विकास किया जाएगा।
- सभ्यता द्वार को पूर्व दिशा से पक्का गंगा घाट और पश्चिम दिशा से एकता भवन से जोड़ा जाएगा। यहां पटना हाट और पार्किंग का निर्माण किया जाएगा।
- पटना शहर के मंगल तालाब का जीर्णोद्धार किया जाएगा और वहां पर्यटक सुविधाओं का विकास किया जाएगा।
- पटना शहर के कंगन घाट पर पटना साहिब गुरुद्वारा के पास मल्टीलेवल पार्किंग का निर्माण किया जाएगा।
- बाढ़ के उमा नाथ मंदिर परिसर का सौंदर्यीकरण, नागरिक सुविधाओं का विकास किया जाएगा।
- बाढ़ के उमा नाथ मंदिर परिसर के पास श्मशान घाट का विकास और विद्युत शवदाह गृह का निर्माण किया जाएगा।
- पालीगंज के उलार सूर्य मंदिर में पर्यटक सुविधाओं का विकास किया जाएगा।
शहर के सभी स्थानों पर बिजली के तार भूमिगत किए जाएंगे
नीतीश कुमार ने घोषणा की है कि पटना शहर के सभी इलाकों में बिजली के तार भूमिगत किए जाएंगे। हालांकि कुछ हिस्सों में बिजली के तार पहले ही भूमिगत किए जा चुके हैं। लेकिन पूरे शहरी क्षेत्र में चरणबद्ध तरीके से बिजली के तार भूमिगत किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने पटना जिले के 13 प्रखंडों में नए प्रखंड सह अंचल कार्यालय भवन के निर्माण की घोषणा की है। इन प्रखंडों में नौबतपुर, पालीगंज, बाढ़, बिहटा, मसौढ़ी, मोकामा, विक्रम, धनरूआ, पंडारक, फतुहा, घोसवरी, पुनपुन और मनेर शामिल हैं।

Author: News Patna Ki
सबसे तेज सबसे पहले खबरों के लिए जुड़े रहिए NEWS PATNA KI के साथ