मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह के इस्तीफे के बाद भाजपा में नए सीएम को लेकर मंथन तेज हो गया है। इस रेस में पांच बड़े नाम आगे चल रहे हैं। वहीं, पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के फैसले का इंतजार है।
Manipur News : मणिपुर में मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह के अचानक इस्तीफे के बाद राजनीतिक भूचाल आ गया है। भाजपा अब नए मुख्यमंत्री के नाम पर मंथन कर रही है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक इस रेस में पांच नाम सबसे आगे चल रहे हैं- सत्यव्रत सिंह, राधेश्याम सिंह, मंत्री वाई खेमचंद सिंह, विश्वजीत सिंह और बसंत कुमार सिंह। भाजपा के पूर्वोत्तर मामलों के प्रभारी संबित पात्रा ने इंफाल में इन सभी संभावित दावेदारों से मुलाकात कर उनकी राय ली है।
बैठक के बाद भाजपा विधायक सपाम केबा और के इबोम्चा ने मीडिया से कहा, ”नए मुख्यमंत्री के बारे में अंतिम फैसला पार्टी का शीर्ष नेतृत्व लेगा।” यह पूछे जाने पर कि क्या चयन के लिए कोई समय सीमा तय की गई है, केबा ने कहा, ”इस पर कोई चर्चा नहीं हुई है।” विधायकों ने मुख्यमंत्री के चयन के साथ ही केंद्र सरकार से मणिपुर में शांति बहाल करने की भी मांग की। सोमवार को हुई बैठकों में हिंसा प्रभावित इलाकों के हालात पर विस्तार से चर्चा की गई।
गौरतलब है कि एन बीरेन सिंह ने 9 फरवरी को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। उनके इस्तीफे के बाद से ही संबित पात्रा इंफाल में डेरा डाले हुए हैं। उन्होंने विधायकों, मंत्रियों और विधानसभा अध्यक्ष थोकचोम सत्यव्रत के साथ अलग-अलग बैठकें कीं। संबित पात्रा ने सुरक्षा सलाहकार कुलदीप सिंह और हिल एरिया कमेटी के चेयरमैन डी गंगमेई से भी मुलाकात की।
मई 2023 में जातीय हिंसा भड़कने के बाद से राज्य में 250 से अधिक लोग मारे गए हैं और हजारों लोग बेघर हो गए हैं। अब देखना यह है कि भाजपा नेतृत्व मणिपुर के लिए किस चेहरे को चुनता है और शांति बहाली के लिए क्या कदम उठाता है।

Author: News Patna Ki
सबसे तेज सबसे पहले खबरों के लिए जुड़े रहिए NEWS PATNA KI के साथ