Gaya News : गया में बढ़ते प्रदूषण की समस्या को देखते हुए बिहार राज्य पथ परिवहन निगम ने बड़ा फैसला लिया है। अब जल्द ही दिल्ली और पटना की तरह यहां भी CNG बसें सड़कों पर दौड़ेंगी। मार्च में होली से पहले गया के सरकारी बस स्टैंड पर 49 सीएनजी बसें पहुंच जाएंगी। इससे न सिर्फ प्रदूषण कम होगा, बल्कि यात्रियों का सफर भी आरामदायक होगा।
पथ परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक के अनुसार बिहार राज्य पथ परिवहन निगम ने गया के लिए 49 सीएनजी बसों की योजना बनाई है। ये बसें होली तक पहुंच जाएंगी। बसों में ईंधन भरने के लिए बस स्टैंड पर ही CNG स्टेशन बनाया जाएगा। CNG से चलने वाली बसें पूरी तरह आधुनिक होंगी। यात्रियों की सुरक्षा के लिए इनमें CCTV कैमरे और GPS सिस्टम लगाए जाएंगे। GPS के जरिए बस कर्मियों को बसों की सटीक जानकारी मिलती रहेगी। बसें दो सीटिंग व्यवस्था के साथ आएंगी, जिससे यात्रियों को अधिक सुविधा होगी।
CNG बसें गया से चतरा, वासोडीह, सिरदला, बिहारशरीफ, रजौली, औरंगाबाद, पटना, जहानाबाद, हाजीपुर और डुमरिया जैसे रूटों पर चलेंगी। इसके अलावा ये बसें गया से एकंगरसराय और आंती रूट पर भी चलेंगी। ये बसें डीजल और पेट्रोल बसों के मुकाबले कम प्रदूषण फैलाती हैं। ये कम ईंधन खपत के साथ बेहतर प्रदर्शन करती हैं।
CNG बसें शोर और रखरखाव की समस्या को भी कम करती हैं। इनकी लाइफ लंबी होती है और ये किफायती भी होती हैं। CNG बसों के आने से गया के लोगों को दिल्ली जैसी सुविधाएं मिलेंगी और शहर में प्रदूषण की समस्या भी काफी हद तक कम हो जाएगी।

Author: News Patna Ki
सबसे तेज सबसे पहले खबरों के लिए जुड़े रहिए NEWS PATNA KI के साथ