बिहार के जमुई जिले में शुक्रवार रात एक दुखद घटना घटी। जहां सरस्वती प्रतिमा विसर्जन के दौरान हर्ष फायरिंग में 16 वर्षीय छोटू कुमार सिंह की मौत हो गई।
बिहार के जमुई से एक दुखद खबर आ रही है। यहां सरस्वती प्रतिमा विसर्जन के दौरान हर्ष फायरिंग में एक किशोर की मौत हो गई। यह घटना खैरा थाना क्षेत्र के सगदाहा गांव की बताई जा रही है। इस युवक की पहचान छोटू कुमार के रूप में हुई है।
वह डीजे पर बैठा था, जबकि विसर्जन जुलूस में शामिल लोग नाच-गा रहे थे। इसी दौरान हर्ष फायरिंग में एक गोली उसके सिर में लग गई। इसके बाद उसे घायल अवस्था में इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, खैरा थाना क्षेत्र के सगदाहा गांव में शुक्रवार की देर शाम करीब 8:30 बजे सरस्वती प्रतिमा विसर्जन के दौरान डीजे पर डांस और हर्ष फायरिंग के दौरान परमानंद सिंह के 16 वर्षीय पुत्र छोटू कुमार सिंह को गोली लग गई। छात्र को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया, जहां डॉ. घनश्याम सुमन ने जांच के बाद छात्र को मृत घोषित कर दिया। छात्र के सिर में गोली लगी है। इस घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है।
वहीं मृतक के परिजनों ने राजन उर्फ बब्बू और मृतक के चचेरे भाई विशाल कुमार पर गोली चलाने का आरोप लगाया है। परिजनों का आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते राजन ने छोटू की गोली मारकर हत्या कर दी। छोटू तीन भाइयों में सबसे छोटा था और उसकी दो बहनें भी हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
इधर, इस मामले में SDPO सतीश सुमन ने बताया कि पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। खैरा थानाध्यक्ष ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल है। स्थानीय प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और शांति बनाए रखने की अपील की है।

Author: News Patna Ki
सबसे तेज सबसे पहले खबरों के लिए जुड़े रहिए NEWS PATNA KI के साथ