रेल मंत्री ने कहा कि केंद्र में नरेंद्र मोदी और बिहार में नीतीश कुमार की डबल इंजन सरकार ने राज्य के रेल विकास को नई गति दी है। PM मोदी का संकल्प और CM नीतीश का अनुभव जब एक साथ मिलते हैं तो विकास की गति कई गुना बढ़ जाती है।
Muzaffarpur News : केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव 9 फरवरी की शाम बिहार के मुजफ्फरपुर जंक्शन पहुंचे। जहां उन्होंने मुजफ्फरपुर जंक्शन के विश्वस्तरीय स्टेशन मॉडल का निरीक्षण किया और विकास कार्यों की समीक्षा की। रेल मंत्री ने कहा कि मुजफ्फरपुर जंक्शन को विश्वस्तरीय स्टेशन बनाने का काम तेजी से चल रहा है। आने वाले दिनों में इसे आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा। जिससे यात्रियों को विश्वस्तरीय अनुभव मिलेगा।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सहयोग से बिहार में रेलवे को अभूतपूर्व गति मिल रही है। बिहार के प्रति PM मोदी की गहरी चिंता और नीतीश कुमार के प्रशासनिक अनुभव का लाभ राज्य को मिल रहा है। उन्हें पहले भी रेल मंत्रालय का अनुभव रहा है। CM नीतीश के योगदान से बिहार में कई बड़ी रेल परियोजनाएं सफलतापूर्वक चल रही हैं। पीएम मोदी का संकल्प और CM नीतीश का अनुभव एक साथ मिलते ही विकास की गति कई गुना बढ़ जाती है।
रेल मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार को 10 हजार करोड़ रुपये का विशेष रेल बजट दिया है, जो दर्शाता है कि केंद्र सरकार बिहार के विकास को लेकर कितनी गंभीर है। उन्होंने यह भी कहा कि पिछले 10 वर्षों में रेल बजट में नौ गुना वृद्धि हुई है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि बिहार में रेलवे से जुड़ी परियोजनाओं को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है। केंद्र में नरेंद्र मोदी और बिहार में नीतीश कुमार की डबल इंजन सरकार ने राज्य के रेल विकास को नई गति दी है।
उन्होंने कहा कि इस समय बिहार में 95 हजार करोड़ रुपये से अधिक की रेल परियोजनाओं पर काम चल रहा है। इसमें डबल लाइन, मल्टी ट्रैकिंग, स्टेशन पुनर्विकास, गति शक्ति परियोजना और रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) निर्माण जैसी महत्वपूर्ण योजनाएं शामिल हैं। उन्होंने कहा कि रेलवे के क्षेत्र में बिहार तेजी से आगे बढ़ रहा है और अब राज्य में अमृत भारत एक्सप्रेस और वंदे भारत जैसी आधुनिक ट्रेनें चलाई जा रही हैं। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि बिहार पहला राज्य था जहां से पहली बार अमृत भारत ट्रेन का परिचालन शुरू किया गया था।

Author: News Patna Ki
सबसे तेज सबसे पहले खबरों के लिए जुड़े रहिए NEWS PATNA KI के साथ